मंडला। मंडला कलेक्टर जगदीश चंद्र जटिया अपनी फेसबुक पोस्ट के कारण सुर्ख़ियों में आ गए हैं। उन्होंने फेसबुक पर लिखा था कि, “मैं सीएए और एनआरसी का सपोर्ट नहीं करता हूं।“ जब उनकी पोस्ट वायरल हुई तो उन्होंने पहले अपनी पोस्ट ही डिलीट कर दी। वहीँ कुछ देर बाद अपना फेसबुक अकाउंट ही डिलीट कर दिया। वहीँ इस मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्यपाल को पत्र लिखकर मंडला कलेक्टर पर कार्रवाई की मांग की है।
दरअसल कलेक्टर ने अपनी फेसबुक प्रोफाइल पर फिल्म ‘छपाक’ का पोस्टर अपलोड करते हुए लिखा था कि, ‘तुम चाहे जितनी घृणा करो, हम देखेंगे छपाक।‘ इस पर उनके एक फेसबुक फ्रेंड ने उन्हें जवाब देना शुरू कर दिया। इसके बाद कलेक्टर ने एक फ्रेंड को जवाब देते हुए लिखा कि, “मुझे अपने विवेक का इस्तेमाल करना आता है। मैं खुद CAA/NRC का सपोर्ट नहीं करता हूँ।”
जब उनके की इस फेसबुक पोस्ट पर विवाद बड़ा तो उन्होंने पहले अपनी फेसबुक पोस्ट डिलीट की और फिर अपना फेसबुक अकाउंट ही डिलीट कर दिया। जब मीडिया ने उनसे इस मामले को लेकर बात की तो उन्होंने कहा कि, “सीएए कानून बन गया है। इसके बारे में कोई बात नहीं कहना है।“
दूसरी तरफ इस मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंडला कलेक्टर पर कार्रवाई की मांग की है। शिवराज ने राज्यपाल लालजी टंडन को पत्र लिखाकर अनुरोध किया है कि वह राज्य सरकार को कलेक्टर पर कार्यवाही करने के लिए कहें।
