नरसिंहपुर। विधानसभा अध्यक्ष और सामाजिक न्याय मंत्री की मौजूदगी में गाडरवारा से कांग्रेस विधायक का अवैध उत्खनन को लेकर दर्द छलक उठा। उन्होंने अपनी ही सरकार और प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। कांग्रेस विधायक ने कहा कि अवैध उत्खनन को रोकने में ना तो मेरी सरकार मेरा साथ दे रही है और ना ही प्रशासन।
दरअसल नरसिंहपुर के बरमान में मकर संक्रांति पर मेले का आयोजन किया जाता है। मेले के उद्घाटन कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष एमपी प्रजापति, सामाजिक न्याय मंत्री लखन घनघोरिया, नरसिंहपुर विधायक जालम सिंह पटेल और गाडावारा विधायक सुनीता पटेल शामिल हुई। इस दौरान मंच पर भाषण देते समय अवैध उत्खनन को लेकर सुनीता पटेल का दर्द छलक उठा।
उन्होंने कहा कि गाडरवारा विधानसभा क्षेत्र में हर तरफ अवैध उत्खनन हो रहा है। मैंने चुनाव से पहले क्षेत्र की जनता से अवैध उत्खनन रोकने का वादा किया था। लेकिन ना तो अपनों ने मेरा साथ दिया और ना ही प्रशासन ने। तिजोरी से चोरी माल को तो पुलिस बरामद कर लेती है लेकिन थाने के सामने से निकलते डंपर, ट्रैक्टर उसे दिखाई नहीं देते।
कांग्रेसी विधायक ने आगे कहा कि, मैं अपनी जनता से किए वादे खरी नहीं उतर पा रही हूं। एक साल के कार्यकाल में एक दिन भी चैन से नहीं सो पाई हूँ। मैं आज लिखित पत्र दे रही हूँ कि जब तक मेरी विधानसभा से अवैध उत्खनन बंद नहीं होता मैं सड़कों पर उतर के धरना दूंगी। थानों के सामने बैठूंगी। यदि 22 तारीख तक अवैध उत्खनन बंद नहीं हुआ तो मैं अपनी ही सरकार और प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करुँगी। उसके बाद भी उत्खनन बंद नहीं होता है तो मैं मां नर्मदा के आंचल में अपना त्यागपत्र दे दूंगी। मैंने नर्मदा जी की कसम खाई थी कि मैं अवैध उत्खनन नहीं होने दूंगी लेकिन मुझे तीन तरफ से धोखा मिला है। दूसरी पार्टियों से भी मिला, खुद की पार्टी से भी धोखा मिला और प्रशासन ने भी मेरे साथ धोखा किया है।
