भोपाल। मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार ने एससी और एसटी वर्ग के लिए बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने दुष्कर्म और हत्या के मामलों में पीड़ित एससी और एसटी वर्ग के लोगों को आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया है। इस निर्णय के तहत दुष्कर्म पीड़िता को एक से आठ लाख रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी। वहीँ एससी और एसटी वर्ग के व्यक्ति की हत्या होने पर उसकी पत्नी या आश्रित को पांच लाख रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी।
शनिवार को जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार के निर्णय की जानकारी दी। पीसी शर्मा ने बताया कि दुष्कर्म होने पर पीड़िता को 25 फीसदी राशि तत्काल दी जाएगी। इसके अलावा हत्या होने पर आश्रितों को 5 लाख रुपए की मदद तब तक दी जाएगी जब तक उन्हें नौकरी नहीं मिल जाती। इसके अलावा पीड़ित परिवार के बच्चों की ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई का खर्च भी सरकार उठाएगी।
