राजगढ़। राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में निकाली गई रैली बाद बवाल मच गया है। वायरल वीडियो में डिप्टी कलेक्टर की चोंटी खींचने और बीजेपी नेता को चांटा मारने के मामले ने सियासी तूल पकड़ लिया है। प्रशासन की तरफ़ से एफ़आइआर दर्ज कराई है। अब 22 तारीख़ को बीजेपी के बड़े नेता शिवराज सिंह, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव और कैलाश विजयवर्गीय राजगढ़ पहुंच कर कलेक्टर के ख़िलाफ़ कार्रवाई की माँग करेंगे।
वहीँ पुलिस ने बवाल के बाद 5 महिलाओं सहित 17 लोगों पर नामजद मुकदमा दर्ज किया है। इसके अलावा 150 अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया है। अज्ञात लोगों की पहचान विडियो ग्राफी के द्वारा की जा रही है। बताया जा रहा है कि रैली में कलेक्टर और डिप्टी कलेक्टर के साथ हुई अभद्रता पर एसडीएम की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है।
दूसरी तरफ मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने ट्वीट कर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, “बेहद शर्मनाक है कि राजगढ़ में भाजपा के नेताओं ने महिला अधिकारियों का कर्तव्य के निर्वहन पर अपमान किया,बाल खींचे, कपड़े खींचे, धक्का दिया और जो भाजपा नेता बहन-बेटियों के सम्मान के बड़े-बड़े दावे करते थे,वही आज उन महिला अधिकारियों के अपमान के बाद उन्हें ही कोस रहे है?”
वहीँ इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी ट्वीट कर कांग्रेस पर निशाना साधा था। उन्होंने ट्विटर पर लिखा था कि, “मेरे हर एक कार्यकर्ता भाई-बहनों के सर पर पड़ी हर एक लाठी कमलनाथ सरकार के ताबूत में आख़री कील साबित होगी! कलेक्टर और SDM द्वारा किए गए इस अमानुष अत्याचार और कायरता पूर्ण व्यवहार को कभी माफ़ नहीं किया जाएगा। जब सीएए के समर्थन में लोग राष्ट्रध्वज ले कर शांतिपूर्ण मार्च कर रहे थे तब कलेक्टर और SDM खुद हाथापाई पर उतर आए! उनको ये अधिकार किसने दिया? आख़िर इस तुष्टिकरण की राजनीति से क्या प्रदेश को वो कहाँ ले जाना चाहते है?”
गौरतलब है कि राजगढ़ जिले के ब्यावरा में नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही थी। इस दौरान प्रशासन प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश कर रहा था। इसी बीच डिप्टी कलेक्टर प्रिया वर्मा ने एक प्रदर्शनकारी को थप्पड़ मार दिया। तभी किसी प्रदर्शनकारी ने डिप्टी कलेक्टर प्रिया वर्मा की चोटी खींच दी। इसी को लेकर विवाद गहरा गया है।
