इंदौर। इंदौर में बिना बैंड बाजे और घोड़ी के अनोखी बारात निकली। बारात में दूल्हा करीब 11 किलोमीटर दौड़ते हुए दुल्हन के घर पहुंचा। इस दौरान दूल्हे के साथ 50 से ज्यादा बाराती ने भी दौड़ लगाई। दरअसल फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए दूल्हे ने दौड़ते हुए बारात निकाली।
गणेश नगर में रहने वाले फिजिकल ट्रेनर नीरज मालवीय की शादी संगम नगर में रहने वाली निकिता बिल्लोरे से तय हुई। नीरज मालवीय ने बताया कि, “मैं अपनी शादी को खास बनाना चाहता था, इसलिए शादी के लिए बारात दौड़ते हुए ले जाने का प्लान किया।” वहीँ दुल्हन निकिता बिल्लोरे भी इस सरप्राइज से काफी खुश नजर आईं। निकिता ने कहा कि, “मैंने कभी ऐसा सोचा नहीं था कि मेरी बारात ऐसे आएगी।”
नीरज ने बताया कि शुरुआत में मैंने घर वालों को इसके बारे में बताया तो कुछ सदस्यों ने मेरा विरोध किया। लेकिन जब उन्हें मेरी मंशा की बारे में पता चला तो वह मान गए। हमने बारात घर से घोड़ी पर ही निकाली। जैसे ही हम सड़क पर पहुंचे, हमने दौड़ लगानी शुरू कर दी। 18 से 70 साल के सभी उम्र के लोग बारात में थे। सभी ने स्वेच्छा से साथ दिया। किसी ने आपत्ति नहीं जताई। इस बारात का ड्रेस कोट हमने पीली टी-शर्ट रखा।
