हरदा। फिरोजपुर से मुंबई जा रही पंजाब मेल एक्सप्रेस की कपलिंग टूटने से ट्रेन के सात डब्बे जंगल में ही छूट गए। जबकि इंजन और 17 डिब्बे स्टेशन तक पहुंच गए। अँधेरा होने से जंगल में छूटे डब्बों में कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
हादसा हरदा रेलवे स्टेशन के पास हुआ। रेलवे स्टेशन से करीब 500 मीटर पहले पंजाब मेल एक्सप्रेस की बोगी एस-5 और एस -6 के बीच की कपलिंग टूट गई। इस कारण इंजन और 17 डिब्बे स्टेशन तक पहुंच गए, जबकि 7 डिब्बे कुछ दूर पहले जंगल में ही छूट गए। कपलिंग टूटने से ट्रेन में बैठे यात्रियों को जोरदार झटका लगा। झटका इतना जबरदस्त था कि बर्थ पर सोए कई यात्री गिर गए। कुछ को हाथ-पैर में और कुछ को अंदरूनी चोटें आई हैं।
जब यात्रियों ने बाहर देखा तो उन्हें होश उड़ गए। ट्रेन का अगला हिस्सा उन्हें लेकर आगे बढ़ रहा है जबकि एक हिस्सा पीछे ही छुट गया। इसके बाद चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका गया। इसके बाद इंजन को वापस पीछे ले जाकर जंगल में छूटे 7 डिब्बों से जोड़ा गया और हरदा स्टेशन लाया गया।
