इंदौर। स्वास्थ्य मंत्री तुलसी सिलावट धार जिले के मनावर में बच्चा चोरी की अफवाह पर ग्रामीणों की पिटाई से घायल हुए पांच किसानों से मिलने के लिए पहुंचे। सिलावट गुरुवार सुबह इंदौर के चौइथराम अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। इस दौरान सिलावट ने कहा कि सभी घायलों का इलाज मध्य प्रदेश सरकार कराएगी। साथ ही मृतक के परिजन को 2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।
बता दे कि इस घटना में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जबकि 15 से 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए दोषियों पर सख़्त कदम उठाने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि सभ्य समाज में ऐसी घटनाएँ मानवता को शर्मशार करती है और ऐसी घटनाएँ बर्दाश्त नहीं की जा सकती है।
गौरतलब है कि धार जिले के मनावर में बच्चा चोरी की अफवाह पर भीड़ ने 5 किसानों और उनके ड्राइवर को घेरकर लाठी-पत्थरों से जमकर पीटा। करीब डेढ़ घंटे तक 500 से अधिक लोग छह लोगों को बेरहमी से पिटते रहे। भीड़ उन्हें तब तक मारती रही जब तक वह बेसुध नहीं हो गए। जब भीड़ को लगा कि सभी लोग मर गए है तब जाकर भीड़ ने उन्हें मारना बंद किया। इस हादसे में ड्राइवर गणेश पटेल की मौत हो गई है जबकि जगदीश शर्मा, नरेंद्र शर्मा, विनोद मुकाती, रवि पटेल, जगदीश पूनमचंद शर्मा को घायल अवस्था में इंदौर लाया गया है। इनमे से रवि की हालत गंभीर है।
