भोपाल। भोपाल रेलवे स्टेशन पर हुए ओवरब्रिज हादसे में घायल हुए यात्रियों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है। मौके पर पहुंचे प्रदेश के कानून मंत्री पीसी शर्मा ने मुख्यमंत्री कमल नाथ के निर्देशानुसार यह घोषणा की है। साथ ही उन्होंने घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी दिए है।
इसके अलावा पीसी शर्मा ने केंद्रीय रेल मंत्री और रेल विभाग को पत्र लिखने की बात भी कही है। पत्र के जरिए मांग की जाएगी कि जितने भी रेलवे के ब्रिज और फ्लाईओवर है उनकी जांच होनी चाहिए ताकि भविष्य में घटना की पुनरावृत्ति ना हो।
गौरतलब है कि गुरुवार सुबह करीब 9 बजे भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 और प्लेटफार्म नंबर 3 को जोड़ने वाले ओवरब्रिज की सीढ़ियां अचानक गिर गई। सीढ़ियों का मलबा नीचे बैठे लोगों पर जा गिरा। हादसे में 9 यात्री घायल हो गए हैं।
