होशंगाबाद। चार साल पहले अमेरिका की एक युवती का दिल प्रदेश के एक किसान युवक पर आ गया। युवक ने शादी की इच्छा जाहिर की तो युवती ने भी फ़ौरन हाँ कर दिया। पिछले साल दोनों ने शादी कर ली। अब वीजा नहीं मिलने के कारण दोनों सोशल मीडिया के माध्यम से ही एक-दूसरे को विश कर वैलेंटाइन डे सेलिब्रेट कर रहे हैं।
जहाँ एक तरफ प्रेमी जोड़े वैलेंटाइन डे को मिलकर सेलिब्रेट कर रहे हैं, वहीँ होशंगाबाद के सिवनीमालवा के रहने वाले किसान दीपक वीजा के कारण अपनी पत्नी से दूर है। दीपक की पत्नी का नाम जेलिका है और वह अमेरिका में रहती है। दोनों ने मार्च 2019 में शादी की थी। वीजा नहीं होने के कारण दीपक अमेरिका नहीं जा पा रहा है। वहीँ जेलिका हर तीन-चार महीने में दीपक से मिलने के लिए भारत आती है। दीपक ने बताया कि मैं तीन-चार महीने से वीजा का इंतजार कर रहा हूँ, लेकिन नहीं बन रहा है।
दीपक बताते है कि जेलिका अमेरीका के टॉस बोलविया की रहने वाली है। चार साल पहले फेसबुक पर दीपक और जेलिका की मुलाकात हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। जब दीपक ने जेलिका के सामने शादी का प्रस्ताव रखा तो वह फ़ौरन मान गई। इसके बाद दोनों ने होशंगाबाद कोर्ट में शादी कर ली। जेलिका मानव संसाधन विभाग में काम करती है और उसे भारतीय संस्कृति बहुत पसंद है।
