भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रियंका गांधी को मध्य प्रदेश से राज्य सभा भेजने की मांग जोर पकड़ रही है। लोक निर्माण मंत्री सज्जन सिंह वर्मा के बाद अब पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने भी प्रियंका गांधी को मध्य प्रदेश से राज्य सभा भेजने की मांग की है। साथ ही उन्होंने राहुल गाँधी को दोबारा कांग्रेस अध्यक्ष बनाने के लिए भी कहा है।
अरुण यादव ट्विटर पर लिखा है कि, “समय आ गया है कि माननीय राहुल गांधी को एक बार पुनः पार्टी की कमान सौंपी जाए, यह भी सामयिक होगा कि आदरणीया प्रियंका गांधी को मप्र से राज्यसभा में प्रतिनिधित्व करने का अवसर दिया जाए ताकि फासीवादी विचारधारा के ख़िलाफ़ जमीनी संघर्ष की धार को और अधिक तीखा किया जा सके।“
गौरतलब है कि मप्र से 9 अप्रैल को राज्यसभा की तीन सीटें खाली हो रही है। अगर संख्याबल देखा जाए तो कांग्रेस दो सीटों और भाजपा एक सीट पर अपना उम्मीदवार राज्य सभा भेज सकती है। फ़िलहाल कांग्रेस की ओर से दोनों सीट के लिए दिग्विजय सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया राज्यसभा के लिए दावेदार है। ऐसे में अगर प्रियंका गाँधी को मप्र से राज्यसभा भेजा जाता है तो दिग्विजय सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया में से एक की दावेदारी खतरे में पड़ सकती है।
