दमोह। नियमितीकरण के एवज में नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों से ली गई रिश्वत को आज विधायक की मौजूदगी में वापस किया गया। इस दौरान आरोपियों ने माफ़ी मांगते हुए भविष्य में इस तरह का कार्य न करने की शपथ ली।
दरअसल पिछले दिनों नगर पालिका परिषद पथरिया द्वारा आयोजित जन समस्या निवारण कार्यक्रम में विधायक रामबाई पहुंची थी। इस नगर पालिका कार्यरत कर्मचारियों ने विधायक से नियमितीकरण के एवज में भ्रष्टाचार की शिकायत की थी। इसे लेकर विधायक रामबाई ने आरोपियों को तत्काल कर्मचारियों के रुपए लौटाने का आदेश दिया था। यही नहीं राशि वापस न करने पर कड़ी कार्रवाई करने की भी बात कही थी।
सोमवार को आरोपियों ने विधायक की मौजूदगी में कर्मचारियों से ली गई रिश्वत को वापस कर दिया। साथ ही भविष्य में कभी रिश्वत नहीं लेने की शपत भी ली। इस दौरान विधायक रामबाई ने कर्मचारियों से कहा कि मेरे होते हुए कोई भी कर्मचारी, अधिकारी, नेता एवं कार्यकर्ता किसी भी तरह की लापरवाही गलत कार्य व्यवहार अथवा भ्रष्टाचार नहीं करेगा। अगर मुझे इसकी शिकायत मिलती है तो मैं कड़ी कार्रवाई करुँगी।
