पन्ना। बिजली नहीं मिलने से परेशान अन्नदाता मंगलवार को फसल लेकर जनसुनवाई में जा पहुंचे। किसानों का आरोप है कि 15-20 दिनों से बिजली नहीं मिलने से उनकी फसल सूखने लगी है। इस दौरान उन्होंने विद्युत विभाग के कर्मचारी पर रिश्वत मांगने का आरोप भी लगाया।
कुदरत की मार झेल चुका पन्ना जिले के पिपरी कोहनी गांव के अन्नदाता इन दिनों बिजली की समस्या से जूझ रहा है। गाँव में पिछले 15-20 दिनों से बिजली नहीं आई है। इस कारण किसानों खेतों में सिंचाई नहीं कर पा रहा है और उनकी फसलें सूख रही है। इस बारे में कई बार शिकायत करने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई तो लगभग आधा दर्जन किसान खेत की फसल लेकर जनसुनवाई में कलेक्टर को अपनी समस्या सुनाने के लिए पहुँच गए।
किसानों का कहना है कि विद्युत विभाग के कर्मचारी के द्वारा ग्रामीणों से पांच-पांच सौ रुपए की मांग की गई थी। ग्रामीणों ने मिलकर 20 हजार रुपए दिए थे, लेकिन अभी तक बिजली नहीं मिली है। बिजली नहीं होने से अपनी फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे है और फसले सूख रही है।
