कटनी। “सुनो… सुनो… सुनो, गाँव वालों सुनो। आपके गाँव में शेर का आगमन हो चुका है। कृपया शांति बनाए रखे। लाठी-डंडे साथ लेकर चले और एक-दूसरे के सहयोग करे।“ कटनी जिले के कई गांवों में इन दिनों कुछ ऐसी ही मुनादी सुनाई दे रही है। यह मुनादी वन विभाग करवा रहा है।
दरअसल कटनी जिले के दर्जन भर गाँव इन दिनों बाघ के मूवमेंट के बाद से दहशत में हैं। ऐसे में ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए वन विभाग गांवों में मुनादी करवा रहा है। मुनादी के माध्यम से ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि वह लाठी-डंडे साथ लेकर चले। एक-दूसरे का सहयोग करे। अगर खेत पर जाए तो समूह बनाकर और लाठी-डंडे लेकर जाए। रात में अपने साथ टार्च जरूर रखें। साथ ही किसी ने अपने खेत में करंट छोड़ा हो तो उसे बंद कर दे।
बता दे कि बीते दिन सुबह गाँव के रहने वाले दो लोगों का सामना अचानक बाघ से हो गया। उन्होंने फ़ौरन पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचाई। इसके बाद शाम के समय एक बाघ शावक खेल के मैदान में नजर आया। इसके बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
रेंजर विजयराघवगढ़ वीएस चौहान बताते हैं कि बाघ के मूवमेंट के बाद ग्रामीणों को सतर्क रहने और खेत में करंट नहीं लगाने के लिए मुनादी करवाई जा रही है। भैंसवाही, हरदुआ और टिकरिया में मुनादी करवाई गई है।
