छतरपुर। खजुराहो एयरपोर्ट पर उस समय हड़कंप की स्थिति बन गई जब इटली से आए 9 पर्यटकों के दल को कोरोना वायरस की जाँच के लिए रोका गया। जैसी ही जानकारी अन्य लोगों को चली एयरपोर्ट पर हड़कंप की स्थिति बन गई। कोई भी कर्मचारी इनके पास नहीं जा रहा था। हालाँकि बाद में पर्यटकों का नौगांव के क्षय चिकित्सालय में बनाए गए आईसोलेशन वार्ड में भर्ती कर चेकअप किया गया। जाँच में किसी भी पर्यटक को कोरोना वायरस की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद पर्यटकों को रात 10 बजे दिल्ली रवाना किया गया।
दरअसल इटली से 13 लोगों का दल भारत भ्रमण के लिए आया था। इनमे से चार सदस्य आगरा में रुक गए जबकि 9 सदस्य खजुराहो के लिए रवाना हुए। खजुराहो भ्रमण करने के बाद जब पर्यटक बनारस जाने के लिए खजुराहो एयरपोर्ट पहुंचे तभी विस्तारा एयरलाइंस के दिल्ली स्थित कार्यालय से इटालियन दल को रोकने के निर्देश दिए गए। उन्हें बताया गया कि इस दल के सदस्यों की भारत में प्रवेश करते समय स्क्रीनिंग नहीं की गई थी।
जैसे ही इटली के दल को कोरोना वायरस की जांच के लिए रोका गया, वहां हडकम्प की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही राजनगर एसडीएम स्वप्निल बानखेड़े प्रशासनिक अमला के साथ एयरपोर्ट पहुंच गए। वहीँ सीलोन स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ डॉ आलोक चतुर्वेदी ने एयरपोर्ट पर ही सभी पर्यटकों का चेकअप किया। इसके बाद पर्यटकों को जिला अस्पताल लाया गया। जिला अस्पताल में सभी पर्यटकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। परीक्षण में किसी भी पर्यटक को कोरोना वायरस नहीं होने की बात सामने आई। इसके बाद पर्यटकों को रात 10 बजे दिल्ली रवाना किया गया।
