राजगढ़। मध्यप्रदेश में विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोपों के बीच राजगढ़ से कांग्रेस विधायक बापूसिंह तंवर ने बीना से भाजपा विधायक महेश राय के खिलाफ थाने में आवेदन दिया है। बापूसिंह तंवर ने आवेदन में कहा कि भाजपा विधायक के बयान से मेरी प्रतिष्ठा धूमिल हुई है। इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
दरअसल मध्यप्रदेश कांग्रेस लगातार भाजपा पर विधायकों की खरीद-फरोख्त करने का आरोप लगा रही है। वहीँ भाजपा नेता इसे कांग्रेस की अंदरूनी कलह बता रहे है। इस बीच बीना से भाजपा विधायक महेश राय ने दावा किया था कि राजगढ़ से कांग्रेस विधायक उनके सम्पर्क में है।
महेश राय के आरोपों को नकराते हुए कांग्रेस विधायक ने उनके खिलाफ आवेदन दिया है साथ ही उन्होंने मानहानि के दावे को लेकर भी नोटिस भिजवाया है। आवेदन में बापूसिंह तंवर ने कहा कि मैं कांग्रेस का निष्ठावान सदस्य हूँ। महेश राय के आरोपों से मेरे मतदाताओं, पार्टी के वरिष्ट नेताओं और मुख्यमंत्री कमलनाथ के सामने मेरी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।
