शहडोल। सोमवार सुबह शहडोल शहर में बारहसिंगा के घूसने से हड़कंप मच गया। लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और एक घंटे की मशक्कत के बाद बारहसिंगा को पकड़ा। बारहसिंगा के पकड़े जाने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
दरअसल सुबह करीब चार बजे शहडोल में पहली बार बारहसिंगा देखा गया। सोशल मीडिया पर तस्वीर वायरल होने से पूरे शहर में खबर आग की तरह फ़ैल गई। बारहसिंगा से होने वाले खतरे की आशंका से लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया।
इस बीच सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। सुबह करीब सात बजे वन विभाग ने शहर में बारहसिंगा की तलाश शुरू की। काफी समय तक वन विभाग को बारहसिंगा की लोकेशन नहीं मिल रही थी। अंत में विद्युत मंडल के कार्यालय और कॉलोनी में बारहसिंगा होने की सूचना मिली। इसके बाद वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचें और एक घंटे की मशक्कत के बाद बारहसिंघा को विद्युत मंडल कार्यालय से पकड़ कर ले जाया गया।
