जबलपुर। जबलपुर एसपी अमित सिंह ने आदेश का पालन न करने पर 19 थाना प्रभारियों पर जुर्माना लगा दिया है। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों से महिला अपराध के संबंध में जानकारी मांगी थी। लेकिन समय पर जानकारी न देने पर एसपी ने अर्थदंड का नोटिस जारी कर दिया।
दरअसल मध्यप्रदेश विधानसभा से हर जिले में महिला अपराध के संबंध में जानकारी मांगी गई थी। इस पर एसपी अमित सिंह ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को महिला अपराध को लेकर अपने-अपने थाना क्षेत्र की जानकारी भेजने का आदेश दिया। लेकिन जबलपुर के 19 थाना प्रभारियों ने एसपी साहब के आदेश को गंभीरता से नहीं लिया और जानकारी नहीं भेजी।
थाना प्रभारियों द्वारा जानकारी नहीं देने के कारण तय समय पर जवाब न देने से मुख्यालय स्तर पर भी जिले की किरकिरी हो गई। इससे नाराज एसपी अमित सिंह ने सभी लापरवाह थाना प्रभारियों को 10 हज़ार अर्थदंड के नोटिस थमा दिए।
