भोपाल। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रेस कांफ्रेंस करते हुए इस्तीफा देने की घोषणा कर दी हैं। कमलनाथ ने प्रेस कांफ्रेंस में एलान किया कि मैं आज राज्यपाल से मिलकर अपना इस्तीफा सौंप दूंगा। प्रेस कांफ्रेंस में मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अपनी सरकार के 15 महीनों के काम भी गिनाए।
कमलनाथ ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि, हमारी सरकार ने 15 महीनों में प्रदेश को नई दिशा देने का काम किया है। जनता ने हमें मध्यप्रदेश के विकास के लिए पांच साल का मौका दिया था। भारतीय जनता पार्टी 15 साल सरकार में रही, लेकिन हमें 15 महीने भी पूरे नहीं मिले। जब से हमारी सरकार बनी तब से भाजपा नेता लगातार कहते आ रहे है कि कमलनाथ की सरकार जल्द ही गिर जाएगी। भाजपा ने पहले दिन से खेल खेलना शुरू कर दिया था। भाजपा ने हमारे विधायकों को बेंगलुरु में बंधक बनाने का काम किया है। एक महाराज और 22 MLA के साथ मिलकर BJP ने साजिश रची। सरकार बनाने के बाद हमने तीन बार बहुमत साबित किया है, लेकिन भाजपा को यह बर्दाश्त नहीं हुआ। 15 महीनों में हमने 20 लाख किसानों का कर्जा माफ़ किया। 15 महीनों में हमने प्रदेश को माफिया मुक्त करने के लिए अभियान चलाया। युवाओं को रोजगार देने के लिए युवा स्वाभिमान योजना शुरू की। 15 महीनों में हमने मिलावट मुक्त प्रदेश बनाने के लिए शुद्ध के लिए युद्ध अभियान शुरू किया। हमने गौमाता के लिए एक हजार गौशाला बनाने का निर्णय लिया। कन्या विवाह की राशी 28 हजार से बढ़कर 51 हजार रुपए की। रामवनपथगमन के निर्माण का संकल्प लिया। श्रीलंका में माता सीता का मंदिर बनाने का निर्णय लिया। हमारा वचनपत्र पांच साल का था, हमने 15 महीनों में 400 वचनों को पूरा किया। भोपाल और इंदौर में मेट्रो का काम शुरू किया। प्रदेश की जनता का विश्वास हमारे साथ है। भाजपा के नेताओं को पहले दिन से हमारी सरकार से डर था। भाजपा सोचती है कि मेरे प्रदेश को हराकर वो जीत जाएँगे, लेकिन ऐसा नही होगा।
