शिवपुरी। जहाँ एक तरफ कोरोना वायरस से बचने के लिए लोगों को सोशल डिस्टेंस बनाए रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है। वहीँ दूसरी तरफ शिवपुरी में बिजली कंपनी बिल जमा करने के काउंटरों पर सैकड़ों लोगों की भीड़ लगाकर लोगों की जान के साथ खिलवाड़ कर रही है। जब मीडियाकर्मी ने इसका वीडियो बनाने लगे तो बिजली कंपनी के अधिकारी पोल खुलने की डर से वीडियो बनाने से रोकने लगे।
कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए इस समय पूरे देश में लोगों से एक जगह इकट्ठा ना होने की अपील की जा रही है। लोगों से गैरजरूरी होने पर घरों से नहीं निकलने की बात कही जा रही है। वहीँ मप्र विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं। शिवपुरी में बिजली कंपनी के माधव चौक और कस्टम गेट स्थित बिजली बिल जमा करने के काउंटरों पर सैकड़ों लोगों की भीड़ लगाकर बिजली बिल जमा किए जा रहे हैं।
इस समय कोरोना महामारी का प्रकोप है और पूरे देश में अभी तक 204 से ज्यादा मरीज इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अन्य लोग कोरोना से बचाव के लिए तमाम उपाय अपनाने की सलाह दे रहे हैं लेकिन शिवपुरी में विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी लोगों की जान मुसीबत में डाल रहे हैं। जब इस संबंध में माधव चौक स्थित चाबी घर पर कुछ मीडियाकर्मियों ने यहां के फोटोग्राफ व वीडियो बनाने की कोशिश की तो यहां जेई विजय सोनी ने मीडिया कर्मियों को वीडियो बनाने से रोका और अभद्रता की।
बिजली कंपनी की पोल खुलते ही जेई विजय सोनी मीडियाकर्मियों को वीडियो ना बनाने को लेकर दबाव डालते नजर आए। इस मामले में मीडिया कर्मियों ने बिजली कंपनी के एई जेएम श्रीवास्तव से शिकायत की तो उन्होंने कहा कि हमने कोई भी वीडियो बनाने पर रोक नहीं लगाई है। इस समय बिजली कंपनी के दफ्तर में लोगों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जब तक कोरोना का प्रकोप है तब तक बिजली बिलों में भी जमा करने की प्रक्रिया में राहत दी जाए।
