इंदौर। इंदौर में कोरोना वायरस के लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए इंदौर कलेक्टर ने शहर के छह इलाकों को कंटेनमेंट एरिया घोषित कर दिया है। कंटेनमेंट एरिया में आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। अगले आदेश तक कंटेनमेंट एरिया का कोई भी व्यक्ति बाहर नहीं जा सकेगा और ना ही बाहर से कोई व्यक्ति कंटेनमेंट एरिया में आ सकेगा।
इंदौर में जिन छह क्षेत्र को कंटेनमेंट एरिया घोषित किया गया हैं। उनमें पहला रानीपुरा, हाथीपाला, स्नेह नगर, खातीवाला टेंक क्षेत्र दूसरा चन्दन नगर, गुमाश्ता नगर क्षेत्र, तीसरा खजराना क्षेत्र, चौथा मुसाखेड़ी, मनीषबाग, कोयला बाखल क्षेत्र, पांचवां निपानिया क्षेत्र और छठा लिम्बोदी क्षेत्र हैं।
प्रशासन ने कंटेनमेंट एरिया के सभी रहवासियों को होम कोरेंटाईन में रहने के लिए कहा हैं। कंटेनमेंट एरिया के लिए सीएमएचओ द्वारा एक फिजिशयन, एक एपीडिमियोलाजिस्ट, पेथालाजिस्ट, माइक्रोबायोलाजिस्ट, डॉक्यूमेंटेशन स्टाफ रखा जाएगा। साथ ही होम कोरेंटाईन किए गए लोगों का प्रतिदिन फॉलोअप लिया जाएगा।
