भोपाल। दिल्ली में तबलीगी जमात धार्मिक सभा में मध्यप्रदेश के 107 लोग भी शामिल हुए थे। हालांकि प्रशासन ने इन लोगों में से 82 लोगों की पहचान कर ली है और इन्हें बाकी लोगों से अलग कर दिया है। वहीँ अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि ये लोग मध्यप्रदेश के भोपाल, सीहोर, विदिशा और रायसेन के रहने वाले है।
इससे पहले मंगलवार को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रालय में उच्च स्तरीय बैठक की। इसमें उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिल्ली में तबलीगी जमात में हिस्सा लेने वाले मध्यप्रदेश के 100 से ज्यादा लोगों की जल्दी से जल्दी तलाश की जाए और उन्हें दूसरे लोगों से अलग किया जाए।
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि दिल्ली में तबलीगी जमात धार्मिक सभा में पूरे देश से बड़ी संख्या में लोग भाग लेने के लिए पहुंचे थे। इस आयोजन में पहुंचे 24 लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हो चुकी हैं जबकि 200 लोगों में कोविड-19 के संक्रमण मिले हैं। इसके अलावा इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले छह लोगों की तेलंगाना में मौत हो चुकी हैं।
