सतना। सतना में साहूकारों द्वारा ब्याज वसूलने के लिए गरीब परिवारों का राशन कार्ड गिरवी रखने का मामला सामने आया है। साहूकार ब्याज के एवज में गरीबों से अंगूठा लगवाकर राशन खुद ली जाते हैं। लॉकडाउन के कारण धंधा भी बंद हो गया है। ऐसे में इन परिवारों के सामने भूखे मरने की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
दरअसल दोना-पत्तल बनाकर अपना जीवन यापन करने वाले गरीब परिवार नगर पालिका में अनाज लेने के लिए पहुंचे। लेकिन इनके नाम पर राशन कार्ड होने के कारण अनाज देने से मना कर दिया। इस पर इन लोगो ने बताया कि राशन कार्ड के नाम से मिलने वाला अनाज साहूकार ब्याज के एवज में ले लेते हैं। इसके बाद इन गरीबों को कुछ दिनों का राशन दे दिया गया।
ऐसे ही गरीब परिवार की एक महिला ने बताया कि चार साल पहले गांव की एक महिला से कुछ रुपए उधार लिए थे। ब्याज नहीं चुकाने पर महिला ने उनका राशन कार्ड ले लिया। उसके बाद से जब भी राशन आता है, वह महिला हमारा अंगूठा लगवाकर राशन ले जाती है। कुछ ऐसे ही हालात गांव के अन्य गरीब परिवारों के भी है।
