इंदौर। इंदौर के टाट पट्टी बाखल एरिया में स्वास्थ्यकर्मियों पर हुई पथराव की शर्मनाक घटना को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चेतावनी दी है। शिवराज ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है।
शिवराज सिंह चौहान ने इस घटना को लेकर ट्विटर पर लिखा कि, ‘कोरोना वायरस के खिलाफ युद्ध लड़ने वाले मेरे सभी डॉक्टर्स, नर्सेज़, पैरामेडिकल स्टाफ, ANM, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और नगरीय निकाय कर्मचारी, आप कोरोना के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखें, आपकी सम्पूर्ण सुरक्षा की ज़िम्मेदारी मेरी है। मैं आपकी कर्तव्यनिष्ठा को प्रणाम करता हूँ।’
आगे उन्होंने लिखा कि, ‘इंदौर में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में शामिल अराजक तत्वों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा। पीड़ित मानवता को बचाने के आपके कार्य में कोई भी बाधा डालेगा तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।’
वहीँ शिवराज ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि, ‘ये सिर्फ़ एक ट्वीट नहीं है। ये कड़ी चेतावनी है, मानवाधिकार सिर्फ़ मानवों के लिए होते है।‘
गौरतलब है कि बुधवार को इंदौर के टाटपट्टी बाखल एरिया में कोरोना वायरस की जांच के लिए गई डॉक्टरों की टीम पर रहवासियों ने पथराव किया। इस घटना के वीडियो भी सामने आए हैं। वहीँ इस घटना को लेकर डॉक्टर और उनकी टीम ने चेतावनी दी है कि हम ऐसे हालात में काम नही कर पाएंगे।
