हरदा। कोरोना वायरस से बचाव के लिए हरदा के एक डॉक्टर ने सैनिटाइजर मशीन बनाई है। डॉक्टर ने यूट्यूब पर देखकर करीब 35 हजार खर्च करके यह मशीन बनाई है। डॉक्टर ने यह मशीन अपने अस्पताल के गेट पर लगाई है। मशीन से पुलिसकर्मी, स्वास्थ्य कर्मी और लोगों को कोरोना वायरस से बचाने के लिए नि:शुल्क सैनिटाइज किया जा रहा है।
हरदा के निजी अस्पताल संचालक डॉ गोविंद पटेल ने बताया कि उन्होंने यूट्यूब पर देखकर तुर्की, इटली जैसे देशों की तर्ज पर यह मशीन बनाई है। इस मशीन में मेडिकल केमिकलों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे कोरोना वायरस का संक्रमण दूर होता है। यह मशीन एक घंटे में 100 लोगों को सैनिटाइज कर सकती है।
उन्होंने बताया कि ऐसी मशीन बाजार में करीब डेढ़ लाख रुपए में मिलती हैं। लेकिन उन्होंने देशी उपकरणों के सहारे 35 हजार रुपए में इसे बनाया है। यह मशीन अस्पताल के गेट पर लगाई गई है। इसमें प्रत्येक मरीज एवं उसके परिजनों को पहले सैनिटाइज किया जाता है। इसके बाद अस्पताल में पहुंचने दिया जाता है। उन्होंने कहा कि कोई भी पुलिसकर्मी, मीडियाकर्मी, स्वास्थ्यकर्मी इस मशीन में अपने आप को सैनिटाइज कर सकता है। इसके लिए कोई चार्ज नहीं देना होगा।
