इंदौर। इंदौर में कोरोना वायरस तेजी से अपने पांव पसार रहा हैं। शहर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 135 पर जा पहुंचा हैं। इनमें से 9 लोगों की मौत हो गई है जबकि 23 गंभीर हैं। वहीँ प्रदेश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 200 के पार जा पहुंचा हैं।
इंदौर में सामने आए नए मरीजों में दो मरीज अहिल्या पलटन के जबकि दो मरीज नार्थ हाथीपाला के हैं। इसके अलावा टाटपट्टी बाखल से 6 नए मरीज सामने आए हैं। इस इलाके में पिछले तीन दिनों में ही कुल 18 मरीज सामने आए हैं। वहीं मरीजों के संपर्क में आने वाले 90 से 100 लोग अभी आइसोलेशन सेंटर या क्वारंटाइन सेंटर में रखे गए हैं।
दूसरी ओर संभागायुक्त आकाश त्रिपाठी ने बताया कि इंदौर के अस्पताल में भर्ती 9 कोरोना मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इन 9 मरीजों में से 8 अरविंदो हॉस्पिटल में और एक एमआरटीबी हॉस्पिटल में भर्ती है। पहली रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद अब दूसरी बार इनका सैंपल भेजा जा रहा है। यह सैंपल भी निगेटिव आया तो इन सभी 9 मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।
