इंदौर। अमेरिका के ब्रोंक्स ज़ू में बाघ में कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद देश भर के चिड़ियाघरों में जानवरों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इंदौर के चिड़ियाघर में जानवरों की सुरक्षा बढ़ाने के साथ-साथ उनके पिंजरों को भी सेनेटाईज किया जा रहा है। साथ ही जानवरों के स्वास्थ्य पर भी नजर रखी जा रही है।
दरअसल भारतीय केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण ने आदेश जारी किया है कि देशभर के चिड़ियाघरों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी लक्षण/असामान्य व्यवहार के लिए सीसीटीवी के माध्यम से 24/7 जानवरों की निगरानी करें।
केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण के आदेश के बाद इंदौर के चिड़ियाघर में जानवरों के पिंजरों में हफ्ते में दो बार विषाणुनाशक दवा का छिड़काव किया जाएगा, जबकि अब तक हफ्ते में एक बार ही छिड़काव किया जाता है।
इसके अलावा सभी जानवरों पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। उनका हर दूसरे दिन स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। चिड़ियाघर के एक हिस्से में खेत बनाया गया है, जहां हरे चारे की व्यवस्था की जा रही है।
