शिवपुरी। शिवपुरी में राशन न मिलने से परेशान गरीब परिवार की महिलाओं ने नगर पालिका का घेराव किया। महिलाओं ने प्रशासन से गेहूं, आटा, चावल एवं अन्य खाद्य सामग्री दिए जाने की मांग की है।
दरअसल कोरोना वायरस के कारण पूरे देश में 21 दिनों का लॉकडाउन लागू किया गया है। इस कारण शिवपुरी में कई गरीब परिवार परेशान हो रहे हैं। लॉकडाउन के कारण काम बंद होने से इनके सामने भूखे मरने की स्थिति आ खड़ी हुई है। वहीँ राशन कार्ड ना होने से कंट्रोल दुकान के संचालक राशन नहीं दे रहे हैं।
ऐसे में परेशान गरीब परिवारों की महिलाओं ने मंगलवार को भोजन न मिलने से नाराज होकर नगर पालिका का घेराव कर डाला। शहरी क्षेत्र के फतेहपुर, मनियर, लालमाटी एवं अन्य स्थानों से आई इन आधा सैकड़ा से ज्यादा महिलाओं ने प्रशासन से गेहूं, आटा, चावल एवं अन्य खाद्य सामग्री दिए जाने की मांग की।
