इंदौर। कोरोना वायरस के लगातार बढ़ रहे मामलों के बीच इंदौर में एक सुखद खबर आई हैं। शुक्रवार को इंदौर में 12 कोरोना पॉजिटिव लोग पूरी तरह ठीक होकर अपने घर लौट गए। संभागायुक्त आकाश त्रिपाठी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा है कि आज अरविंदो हास्पिटल से कोरोना के 12 मरीज़ स्वस्थ होकर अपने घरों की ओर रवाना हुए।
आकाश त्रिपाठी के अनुसार टाट पट्टी बाखल की आलिया ख़ान, प्रवीण सोनी, उज़ेर, फ़रीदउल्लाह, आफ़ताब, कमलुद्दीन, इमरान, समीर ख़ान, मोहम्मद अमजद, डॉ आकाश तिवारी, गुलमिन और साकिब शुक्रवार को पूरी तरह ठीक होकर अपने घर लौटे। स्वस्थ होने के बाद सभी लोगों ने चिकित्सकों, नर्सों, प्रशासन के अधिकारियों आदि के प्रति आभार व्यक्त किया है।
स्वस्थ होकर घर लौटी आलिया ख़ान ने कहा कि यह जंग जीतने में डॉक्टरों, नर्सों, प्रशासन के अधिकारियों आदि का बेहद सहयोग रहा है। सबने बहुत सेवा की है। बीमारी से लड़ने में मदद की। उसने सभी से अपील की है कि घरों में रहें। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें, अपना और दूसरों के सेहत का पूरा ध्यान रखें।
वहीँ उज्जैन के रहने वाले कमलुद्दीन ने कहा कि आज मैं बहुत खुश हूं। मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। नया जीवन मिला है। कमालुद्दीन ने भी सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
