कटनी। लॉकडाउन में गरीब परिवारों को भूखे ना रहना पड़े इसलिए कटनी के विधायक गरीबों के लिए रसोई चला रहे हैं। इस रसोई के माध्यम से रोजाना करीब 12 हजार भोजन के पैकेट गरीबों में वितरित किए जा रहे हैं। इस काम को लेकर के लिए 300 लोगों की टीम लगी हुई है। ख़ास बात यह है कि विधायक की रसोई में लोग अपनी स्वेच्छा से काम कर रहे हैं।
दरअसल कोरोना वायरस के प्रकोप के कारण पूरे देश में 21 दिनों का लॉकडाउन लागू किया गया है। लॉकडाउन के कारण काम-धंधे बंद होने से कई गरीब परिवार के सामने भूखे मरने की नौबत आ गई हैं। ऐसे में कटनी के विधायक संदीप जायसवाल ने सच्चे जनप्रतिनिधि का फर्ज निभाते हुए गरीबों के लिए रसोई शुरू की है। ताकि उनके क्षेत्र में कोई परिवार भूखा ना रहे।
संदीप जायसवाल के आव्हान पर शहर के लोग उनके काम में भरपूर सहयोग कर रहे हैं। लोग अपनी स्वेच्छा से भोजन के पैकेट जिला अस्पताल, निजी हॉस्पिटल या फिर गरीब बस्ती में पहुंचा रहे हैं। खाना बनाने से लेकर पैकेट वितरण तक करीब तीन सौ लोंगों की टीम दिनरात लगी हुई है। इस रसोई के जरिये तकरीबन बारह हजार पैकेट बांटे जा रहे हैं ताकि कोई भूखा न रहे।
विधायक की रसोई को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता अजय सरावगी ने बताया कि, विधायक संदीप जयसवाल का अथक प्रयास है कि सुबह पांच बजे से लेकर के रात में दस बजे तक मेरे क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति चाहे वह कहीं का भी हो, किसी भी शहर का हो, किसी भी प्रदेश का हो कम से कम को भूखा ना सोए।
वहीँ विधायक संदीप जायसवाल ने कहा कि, इस शहर के लोगों में सहयोग करने की बहुत भावना है। बड़ी से बड़ी मुसीबत का इस शहर के लोगों ने आपस में मिलकर सामना किया है। इसी जनता के सहयोग का मुझे पूरा विश्वास था। उसी विश्वास के आधार पर मैंने कलेक्टर से यह कहा कि आप सिर्फ व्यवस्था पर ध्यान दें, भोजन की व्यवस्था हम लोग देखेंगे।
