राजगढ़। लॉकडाउन के कारण पिछले कई दिनों से अपने घरों में ही रह रहे लोगों का तनाव दूर करने के लिए राजगढ़ पुलिस ने नया तरीका अपनाया है। लॉकडाउन के दौरान राजगढ़ पुलिस ने बैंड-बाजों के साथ शहर में जुलूस निकाला। इससे शहर की जनता भी काफी खुश नजर आई और उन्होंने पुष्प वर्षा व रंगोली बनाकर पुलिस का स्वागत किया।
दरअसल इस समय पूरा विश्व कोरोना वायरस जैसी महामारी से जूझ रहा है। कोरोना के चलते लगे लॉकडाउन ने लोगों को अपने घरों में ही रहने पर मजबूर कर दिया है। ऐसे में लोगों का तनाव दूर करने के लिए राजगढ़ जिले की खुजनेर थाना पुलिस ने बैंड-बाजों के साथ जुलूस निकाला। यह जुलूस खुजनेर नगर के अलग-अलग मोहल्लों में पहुंचा।
इस दौरान पुलिस ने लोगों को घरों में रहने की समझाइश दी और साथ ही नगर को स्वच्छ रखने की अपील की। इस दौरान लोगों ने भी घरों के बाहर आकर्षक रंगोली बनाई और पुलिसकर्मियों पर पुष्प वर्षा कर उनका जोरदार स्वागत किया।
