भोपाल। मंगलवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मंत्रिमंडल का मंगलवार को गठन हो गया है। दोपहर 12 बजे राजभवन में राज्यपाल लालजी टंडन ने पांच मंत्रियों को शपथ दिलवाई। भाजपा खेमे से तीन और ज्योतिरादित्य सिंधिया खेमे से दो मंत्रियों को शपथ दिलाई गई है।
शिवराज मंत्रिमंडल में जिन पांच मंत्रियों को जगह दी गई है, उनमें नरोत्तम मिश्रा, तुलसी सिलावट, मीना सिंह, कमल पटेल और गोविंद सिंह राजपूत का नाम शामिल है। गौरतलब है कि कमलनाथ सरकार में तुलसीराम सिलावट के पास स्वास्थ्य और गोविंद सिंह राजपूत के पास परिवहन विभाग की कमान थी।
भाजपा हाईकमान की हरी झंडी के बाद पांच मंत्रियों को शपथ दिलाने का निर्णय हुआ है। इसमें जातीय समीकरण को साधने का प्रयास भी किया गया है। नरोत्तम मिश्रा और गोविंद सिंह राजपूत सामान्य वर्ग से, कमल पटेल ओबीसी वर्ग से, तुलसीराम सिलावट अनुसूचित जाति वर्ग से और मीना सिंह महिला और आदिवासी वर्ग से आती है।
बता दे कि लॉकडाउन के कारण अभी मंत्रिमंडल का स्वरुप छोटा रखा गया है। लॉकडाउन के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा।
