भोपाल। शपथ ग्रहण के बाद शिवराज ने अपने नए मंत्रियों को कोरोना संक्रमण की समीक्षा और आवश्यक क्रियान्वयन के लिए संभाग का प्रभार दिया है। नरोत्तम मिश्रा को भोपाल और उज्जैन, तुलसी सिलावट को इंदौर और सागर, कमल पटेल को जबलपुर और नर्मदा पुरम, गोविंद सिंह राजपूत को जबलपुर और ग्वालियर, मीना सिंह को रीवा और शहडोल संभाग का प्रभार दिया गया है।
नए मंत्रियों को डिविजनल कमिश्नर, आईजी, एसपी, कलेक्टर, स्वास्थ्य विभाग के साथ स्थानीय स्तर पर कोआर्डिनेशन बनाए रखना, जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद और बैठके करना, जनता से फीडबैक लेना, अधिकारियों को समय-समय पर निर्देशित करना और जहां-जहां निर्माण कार्य शुरू होंगे और खासकर कृषि से संबंधित काम पर फोकस करना जैसे चीजों पर काम करना होगा। मंत्री सीधे इन संभागों की स्थिति की समीक्षा कर उचित निर्देश दे सकेंगे।
गौरतलब है कि मंगलवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंत्रिमंडल का मंगलवार को गठन हो गया है। दोपहर 12 बजे राजभवन में राज्यपाल लालजी टंडन ने पांच मंत्रियों को शपथ दिलवाई। भाजपा खेमे से तीन और ज्योतिरादित्य सिंधिया खेमे से दो मंत्रियों को शपथ दिलाई गई है।
शिवराज मंत्रिमंडल में जिन पांच मंत्रियों को जगह दी गई है, उनमें नरोत्तम मिश्रा, तुलसी सिलावट, मीना सिंह, कमल पटेल और गोविंद सिंह राजपूत का नाम शामिल है। गौरतलब है कि कमलनाथ सरकार में तुलसीराम सिलावट के पास स्वास्थ्य और गोविंद सिंह राजपूत के पास परिवहन विभाग की कमान थी।
