विदिशा। मध्यप्रदेश के विदिशा में पुलिस का बर्बर चेहरा सामने आया है। यहाँ पुलिस ने थाने में शव रखकर प्रदर्शन कर रहे मृतक के परिजनों पर ही लाठियां बरसा दी। ऐसे में मृतक के परिजनों को शव थाने में ही छोड़कर भागने पर मजबूर होना पड़ा। वहीँ मामले में जब थाना प्रभारी से सवाल किया तो उन्होंने लाठीचार्ज से ही इंकार कर दिया।
दरअसल दो दिन पहले विदिशा जिले के करारिया थाना इलाके के खजूरी गाँव के पास कार और बाइक के बीच भिडंत हो गई। इस हादसे में राजकुमार नाम का युवक घायल हो गया, जिसकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीँ घटना के बाद कार का चालक कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार में से शराब जब्त की है। पुलिस एक्सीडेंट का केस मानकर जांच कर रही है जबकि राजकुमार के परिजनों का कहना है कि शराब व्यापारी ने उसकी हत्या करवाई है।
ऐसे में परिजनों ने शराब व्यापारी पर कार्यवाही की मांग को लेकर शव को थाने में रखकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने बर्बरता दिखाते हुए मृतक के परिजनों पर ही लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस की कार्रवाई से सहमे परिजन शव को थाना परिसर में छोड़कर भागने पर मजबूर हो गए। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
मामले में मृतक राजकुमार के परिवारजनों का कहना है कि राजकुमार पर कार चढ़ाई गयी है। उसकी हत्या की गई है। मृतक राजकुमार के परिवारजन शराब व्यापारी पर कार्यवाही की मांग कर रहे है। वहीँ करारिया थाना प्रभारी ब्रजेश भार्गव का कहना है कि कुछ दिन पहले एक्सीडेंट में युवक घायल हुआ था, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने एक्सीडेंट का केस दर्ज किया है, जांच चल रही है। थाना प्रभारी से जब लाठीचार्ज को लेकर सवाल किया तो थाना प्रभारी मना करते नजर आए। हालांकि टीआई भले ही मुकर गए हो पर लाठीचार्ज की तस्वीरे सच्चाई बयां कर रही है।
