भोपाल। मध्यप्रदेश में रोजाना बड़ी संख्या में कोरोना के मामले सामने आ रहे हैं। मंगलवार को भी प्रदेश में 239 नए लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है, वहीँ चार लोगों की अब तक इस महामारी के कारण मौत हो चुकी हैं। इन्हें मिलाकर प्रदेश में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या 5648 हो गई हैं जबकि मरने वालों का आंकड़ा 225 हो गया है।
मंगलवार को राजधानी भोपाल में कोरोना के 17 मरीज मिले हैं, वहीँ एक 80 वर्षीय वृद्धा की मौत हो गई है। इससे राजधानी में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1173 और मरने वालों की संख्या 40 हो गई है। इस बीच राहत की बात यह रही कि मंगलवार को 39 मरीज ठीक होकर अपने घर लौटे। भोपाल में अब तक 667 मरीज ठीक होकर अपने घर लौट चुके हैं।
आर्थिक राजधानी इंदौर में 78 नए मरीजों के आने से संक्रमितों की संख्या 2715 हो गई है। वहीँ 2 मरीजों की मौत के बाद मरने वालों का आंकड़ा 105 हो गया है। मंगलवार को 942 सैंपलों की जंच हुई जिनमें से 78 नए मरीज मिले। इंदौर में अब तक 1174 लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।
वहीँ उज्जैन में मंगलवार को कोरोना विस्फोट हुआ। यहाँ एक साथ 58 नए मामले दर्ज किए गए। यह एक दिन में सामने आए सर्वाधिक मामले है। इनमें ज्यादातर मामले उज्जैन शहर के हैं। नए मामलों को मिलाकर उज्जैन में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 420 हो गई है जबकि पांच मरीजों के ठीक होने के बाद डिस्चार्ज होने वाले मरीजों की संख्या 176 हो गई है। उज्जैन में अब तक 48 लोग कोरोना वायरस के कारण अपनी जान गवां चुके हैं।
उज्जैन संभाग के ही मंदसौर जिले में मंगलवार को एक साथ 15 नए मामलों की पुष्टि हुई है। 14 मामले शहर में कोरोना के हॉटस्पॉट रहे गुदरी क्षेत्र से सामने आए हैं जबकि एक मामला मल्हारगढ़ तहसील में सामने आया है। इससे जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 75 हो गई है जबकि मरने वालों का आंकड़ा पांच हो गया है। अब तक 30 मरीज ठीक होकर अपने घर लौट चुके हैं।
जबलपुर में 2 लोगों के पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। यहाँ अब तक कोरोना के 186 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमे से 9 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 107 लोग ठीक हो चुके है। वहीँ ग्वालियर-चंबल संभाग में 20 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इनमें 13 मामले भिंड, 6 मामले ग्वालियर और एक मामला मुरैना से सामने आया है। इनके अलावा मंगलवार को सागर जिले में 16, बैतूल में 6, अशोक नगर में दो और छतरपुर-टीकमगढ़ में एक-एक नए मरीज की पुष्टि हुई है।
