भोपाल। मध्यप्रदेश में सोमवार को 154 नए मामले सामने आए हैं, वहीं दस लोगों की कोरोना से मौत हुई है। इससे मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 10956 हो गई हैं, वहीं 469 लोगों की अब तक महामारी से मौत हो चुकी हैं। इनमें से 7976 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 2584 लोगों का इलाज किया जा रहा है।
सोमवार को भोपाल में 54 नए कोरोना के मामले सामने आए हैं। इससे राजधानी में संक्रमित मरीजों की संख्या 2471 हो गई हैं। इस बीच रविवार को राजधानी में 42 संक्रमित ठीक होकर अपने घर लौट गए।
वहीं इंदौर में सोमवार को 21 नए मामले सामने आए हैं जबकि चार लोगों ने कोरोना से दम तोड़ दिया। इससे इंदौर में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 4090 हो गई हैं, वहीं मरने वालों की संख्या 178 हो गई है। बता दे सोमवार को 1236 सैंपल की जाँच की गई, जिसमें से महज 21 सैंपल ही पॉजिटिव आए हैं। सोमवार को इंदौर में 76 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए। इससे जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या 930 रह गई हैं।
सोमवार को उज्जैन संभाग में संक्रमितों की संख्या में फिर उछाल आया है। सोमवार को उज्जैन में 18, देवास में 11 व रतलाम-नीमच में चार-चार पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। वहीं उज्जैन-रतलाम में एक-एक कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति की मौत भी हुई है। उज्जैन में अब तक 819 संक्रमित मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 67 लोगों की मौत हो चुकी हैं, वहीं 649 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं। वहीं देवास में संक्रमित मरीजों की संख्या 174 पर पहुँच गई हैं, जिनमें से 10 की मौत और 108 ठीक हो चुके हैं।
जबलपुर में सोमवार को एक साल की बच्ची सहित 8 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। यहां संक्रमण के 317 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 244 लोग स्वस्थ हो चुके हैं, वहीं 13 लोगों की मौत हो चुकी है। ग्वालियर में सोमवार को तीन नए संक्रमित मामले सामने आए हैं, वहीं श्योपुर में भी दो लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके अलावा बुरहानपुर-बड़वानी में 3-3 और खंडवा-हरदा में 2-2 नए मामले सामने आए हैं।
