शिवपुरी। चना खरीदी के काम में हो रही देरी और तमाम अव्यवस्थाओं को लेकर भाजपा विधायक वीरेंद्र रघुवंशी ने अपनी ही सरकार के मंत्री पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि वह किसानों की समस्याओं को लेकर चार बार मंत्री गोविंद सिंह राजपूत से बात कर चुके हैं, लेकिन इसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। साथ ही उन्होंने उपचुनाव को लेकर तंज कसते हुए कहा है कि उपचुनाव तो आप मोदी व शिवराज के नाम पर जीत जाओगे लेकिन परेशान किसानों की भी चिंता करो।
दरअसल मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के कोलारस में चना खरीदी के काम में देरी और तमाम अव्यवस्थाओं की ख़बरें लगातार सामने आ रही है। ऐसे में कोलारस विधायक वीरेंद्र रघुवंशी ने कई किसानों और मीडियाकर्मियों के सामने कहा कि वह चार बार मंत्री गोविंद सिंह राजपूत से खरीदी के काम में हो रही लापरवाही व अनियमितताओं को लेकर बात कर चुके हैं लेकिन इसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। विधायक ने आरोप लगाए है कि किसान परेशाान है और कई दिनों तक किसानों को उनका चना तुलवाने में खरीदी के काम में लगी सोसाइटी मनमानी कर रही है।
अपनी सरकार से नाराज दिख रहे सत्ताधारी दल के भाजपा विधायक वीरेंद्र रघुवंशी ने कहा कि मंत्री गोविंद सिंह व कलेक्टर सहित अन्य लोगों से बात करने के बाद भी किसानों की समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। वह मंत्री को पत्र लिख चुके हैं उन्हें पूरी बात बता चुके हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। तुलाई धीमे हो रही है। कई दिन से किसानों को लाइन में लगना पड़ रहा है।
वहीं विधायक वीरेंद्र रघुवंशी ने उपचुनाव को लेकर भी मंत्री गोविंद सिंह पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि आप उपचुनाव तो मोदी व शिवराज के नाम पर जीत जाओगे, लेकिन परेशान किसानों की भी चिंता करो। आज किसान परेशान है खरीदी की तारीख कलेक्टर ने नहीं बढ़ाई और न ही इसकी अनुशंसा की। तुलाई का काम सभी सोसाइटी पर धीमा है और कई दिनों से किसान परेशान है।
बता दे कि विधायक वीरेंद्र रघुवंशी को ज्योतिरादित्य सिंधिया का घोर विरोधी माना जाता है। वह पूर्व में कांग्रेस से शिवपुरी विधायक रह चुके हैं और ज्योतिरादित्य से अनबन के कारण उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी थी लेकिन अब ज्योतिरादित्य के भाजपा में आने के बाद यहां के समीकरण बिगड़ गए हैं। ऐसे में किसानों के मुद्दे पर अब वीरेंद्र रघुवंशी के तीखे तेवर के बाद राजनीतिक माहौल गरमाना तय है।
