उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन में सीमेंट व्यापारी के यहां हुई चोरी के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपी के पास से 33 लाख रुपए बरामद किए हैं, जबकि सीमेंट व्यापारी ने पुलिस को 10 लाख रुपए चोरी होने की जानकारी दी थी। अब पुलिस इस मामले की जानकारी इनकम टैक्स विभाग को देगी, ताकि पता चल सके कि व्यापारी ने चोरी की राशी कम क्यों बताई।
दरअसल उज्जैन के नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के कीर्ति नगर में रहने वाले सीमेंट व्यापारी सत्यम पिता अनिल कुमार जैन अपने परिवार के साथ छतरपुर गए थे। देश में अचानक लगे लॉकडाउन के कारण वह परिवार सहित छतरपुर में ही फंस गए थे। करीब ढाई महीने तक छतरपुर में रहने के बाद जब वह 17 जून को अपने घर पहुंचे तो उन्हें घर का सामान बिखरा हुआ मिला। उनके घर में रखे हुए पैसे गायब थे। जिसके बाद व्यापारी जैन ने पुलिस को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि उनके घर से 8 से 10 लाख रुपए चोरी हुए हैं।
पुलिस की जाँच में सामने आया कि चोरों ने घर की ग्रिल काटकर चोरी को अंजाम दिया था। मामले में जब पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पड़ताल की तो पुलिस ने दो आरोपी शराफत और सलमान निवासी बेगम बाग कॉलोनी की पहचान की।
इस पर पुलिस ने जब दोनों के घर दबिश मारी तो शराफत पुलिस की गिरफ्त में आ गया जबकि सलमान पहले ही फरार हो चुका था। पुलिस ने सलमान पर पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। इस मामले में दिलचस्प बात यह रही कि पुलिस ने शराफत के घर से 17 लाख रुपए जबकि सलमान के घर से 16 लाख बरामद किए। इस तरह पुलिस ने आरोपियों के घर से कुल 33 लाख रुपए बरामद किए हैं जबकि व्यापारी जैन ने पुलिस को 10 लाख रुपए चोरी होने की जानकारी दी थी।
अब पुलिस इनकम टैक्स को भी सूचना देकर मामले में जांच की मांग करेगी। उसी के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि कहीं व्यापारी के पास काला धन तो नहीं था।
