सागर। मध्यप्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के बंगले से महज 150 मीटर दूर 3 राऊंड गोली चलने का मामला सामने आया है। घटना उस समय घटी जब मंत्री गोविंद सिंह को छोड़ उनकी कार वापस जा रही थी। तभी मंत्री के बंगले से कुछ दूर 3 राऊंड गोली चली। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
मामला सागर जिले के गोपालगंज थाना क्षेत्र का है। रात को करीब डेढ़ बजे मंत्री गोविंद सिंह को छोड़ने कार उनके बंगले पर पहुंची। जब कार उन्हें छोड़कर वापस आ रही थी, इसी दौरान गोलियां चलने की आवाज आई। सागर एसपी अमित सांघी ने बताया कि पुलिस ने मौके से 3 चले हुए कारतूस, 5 जिंदा कारतूस और एक कट्टा बरामद किया है। साथ ही दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
वहीं गोपालगंज थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा ने बताया कि इस घटना को लेकर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के गनमैन अरविंद पाल सिंह ने मामला दर्ज करवाया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 308, 25 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
इस पूरे मामले को मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि हम लोग कार्यालय से घर लौट रहे थे। इस दौरान 3-4 लोग कार का दरवाजा खोलकर खड़े थे। जब हमने आपत्ति जताई तो उन्होंने दरवाजा बंद कर लिया। मुझे घर छोड़ने के बाद जब कार को गैरेज में पार्क करने के लिए ले जाया जा रहा था, तभी उन लोगों ने फायरिंग कर दी। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
