भोपाल। मध्यप्रदेश में कोरोना को लेकर स्थिति लगातार सुधर रही है। प्रदेश महज 19 प्रतिशत ही एक्टिव केस बचे हुए हैं। वहीं रिकवरी रेट के मामले में भी मध्यप्रदेश देश में दूसरे नंबर पर पहुँच गया है।
दरअसल बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से वरिष्ठ मंत्रियों, अधिकारियों और कलेक्टर्स के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान 26 बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि मध्यप्रदेश में अन्य राज्यों की तुलना में कोरोना महामारी को बेहतर नियंत्रित किया गया है।
बैठक में बताया गया है कि मध्यप्रदेश में एक्टिव मामलों की स्थिति देश के अन्य राज्यों से बेहतर है। यहां एक्टिव मामलों की संख्या 19 प्रतिशत है, जबकि देश में एक्टिव मामलों की संख्या 40 प्रतिशत है। वहीं रिकवरी रेट के मामले में भी मध्यप्रदेश की स्थिति में तेजी से सुधार आ रहा है। मध्यप्रदेश में रिकवरी रेट 76।1 प्रतिशत पर पहुंच गया है। इस मामले में मध्यप्रदेश देश में दूसरे नंबर पर है।
मध्यप्रदेश में इस समय 33 जिले ऐसे हैं, जहाँ 10 से कम एक्टिव मामले है। प्रदेश में इस समय 27 लैब पर कोरोना वायरस की टेस्टिंग हो रही है। जबकि 23 मार्च को प्रदेश में सिर्फ 1 लैब थी। इस समय प्रदेश में रोजाना 9 हजार सैंपल की जांच हो रही है।
