भोपाल। मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार एक जुलाई से ‘किल कोरोना’ अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान के तहत हर घर का सर्वे किया जाएगा। इस काम के लिए स्वास्थ्य विभाग की 10 हजार टीमें बनाई जाएगी, जो रोजाना 10 लाख परिवारों का सर्वे करेगी।
स्वास्थ्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया है कि ‘किल कोरोना’ अभियान के तहत हर घर का सर्वे किया जाएगा। इस काम के लिए कोविड मित्र बनाए जाएंगे, जो स्वैच्छिक रूप से इस अभियान के लिये कार्य करेंगे। कोविड मित्र को स्थानीय स्तर पर 1500 रुपए महीना दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सभी 52 जिलों के कलेक्टरों को एक जुलाई से अपने जिले में ‘किल कोरोना’ अभियान शुरू करने के लिए कहा है। इस कार्य में पुलिस महकमे और समाजसेवियों की मदद ली जाएगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिलों और संभागों में आईजी और कमिश्नर्स भी कोरोना नियंत्रण पर निगाह रखें।
