गुना। मध्यप्रदेश के गुना में पहले दो लड़कियों ने घर से भागकर शादी रचाई। शादी की खबर मिलते ही घर वाले भौंचक्के रह गए। मामला सिटी कोतवाली थाने पहुँचा तो पता चला कि दुल्हन बनी लड़की नाबालिग है। इसके बाद दुल्हा बनी लड़की के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कर आरोपी लड़की को जेल भेज दिया गया।
गुना के बुढ़े बालाजी क्षेत्र में रहने वाले एक परिवार में बीते कुछ दिनों से एक रिश्तेदार लडकी शिवपुरी जिले के इंदार गाँव से रहने आई थी। इस परिवार में भी एक लड़की रहती थी। अचानक 22 जून को दोनों लड़कियाँ घर से गायब हो गई। परिवार के लोगों ने अपनी बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने इन्हें ढूंढना शुरु किया। आखिरकार पुलिस को इनके बारे में पता चल गया। पुलिस जब इन्हें पकड़ कर लाई तो इन्होंने जो बताया उसे सुनकर पुलिस और परिवार वालो के होश उड़ गए।
दोनों ने बताया कि उन्होंने आपस में शादी कर ली है। शिवपुरी की बड़ी लडकी दुल्हा बनी थी और गुना की छोटी लड़की दुल्हन। जब परिवार के लोगों ने बताया की गुना की छोटी लड़की नाबालिग है तो शिवपुरी की रहने वाली बड़ी लड़की के खिलाफ भादवि की धारा 363 और पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कर लिया।
गुना सिटी कोतवाली टीआई अवनीत शर्मा ने बताया कि नाबालिग को मुक्त करा दिया गया है। आरोपी लड़की को कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। गौरतलब है कि समलैंगिक रिश्तों को जायज करार दिए जाने के बाद से समलैंगिकों की शादियों के मामले बढ़ रहे हैं। गुना जैसे कस्बे में इस तरह का पहला मामला सामने आया है।
