इंदौर। पिछले सात महीने से फरार चल रहे आरोपी जीतू सोनी को इंदौर क्राइम ब्रांच ने गुजरात से गिरफ्तार कर लिया है। डीआईजी हरिनारायणचारी मिश्र ने जीतू सोनी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
बता दे कि पिछले दिनों इंदौर पुलिस को जीतू सोनी के गुजरात में होने की जानकारी मिली थी। चार दिन पहले ही क्राइम ब्रांच की टीम ने गुजरात के अमरेली से जीतू सोनी के बड़े भाई महेंद्र को गिरफ्तार किया था। क्राइम ब्रांच की 12 अधिक टीमें जीतू सोनी को पकड़ने के लिए गुजरात में डेरा डाले हुए थी। इंदौर पुलिस इस पूरे मामले का खुलासा करेगी।
गौरतलब है कि मानव तस्करी, दुष्कर्म, अपहरण, धोखाधड़ी, अवैध वसूली सहित 56 से अधिक मामलों में पुलिस को काफी समय से जीतू सोनी की तलाश थी। पुलिस ने जब उसके होटल माय होम सहित अन्य ठिकानों पर छापा मारा था, तब जीतू सोनी तो भाग गया लेकिन उसका बेटा अमित सोनी पकड़ा गया था।
