नीमच। मध्यप्रदेश के नीमच जिले में 105 साल की महिला कोरोना से जंग जीतकर अपने घर लौटी। अस्पताल से रवाना होते समय अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ ने तालियाँ बजाकर उनका सम्मान किया। साथ ही घर लौटने पर मोहल्लावासियों ने तालियां बजाकर वृद्ध महिला का स्वागत किया।
105 साल की उम्र में कोरोना को हराने का मध्यप्रदेश में संभवतः यह पहला मामला है। कोरोना को हराने वाली महिला का नाम मूरीबाई है और वह नीमच जिले की जावद तहसील में रहती है। 18 जून को स्वास्थ्य ख़राब होने के बाद उन्हें जावद से नीमच जिला अस्पताल लाया गया था। शुरू में उनका ब्लड प्रेशर अनियंत्रित था। साथ ही उन्हें भोजन करने में भी दिक्कत आ रही थी। हालांकि बाद में उनका स्वास्थ्य ठीक होता गया।
मूरीबाई के बेटे प्रभुलाल ने बताया कि यदि आत्मविश्वास रखा जाए तो जल्द ही स्वस्थ हो सकते हैं। उन्हें विश्वास था कि मूरीबाई जल्द ही कोरोना को हर देगी।
गौरतलब है कि नीमच जिले की जावद तहसील कोरोना हॉटस्पॉट बन गई थी। यहां बड़ी संख्या में लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। स्थानीय विधायक ओमप्रकाश सखलेचा भी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं।
