भोपाल। राजधानी भोपाल में पुलिस वाहन चैकिंग के दौरान एक बाइक सवार युवक के पास से 17 लाख 54 हजार 700 रुपए मिले हैं। युवक स्पष्ट रूप से बताने में आनाकानी कर रहा है कि इतनी बड़ी रकम उसके पास कहाँ से आई। युवक की बाइक भी चोरी की बताई जा रही है। फ़िलहाल पुलिस मामले की जाँच कर रही है।
दरअसल भोपाल के हनुमानगंज इलाके में पुलिस बेरिकेट लगाकर वाहन चैकिंग कर रही है। इसी दौरान पुलिस ने एक युवक को रोककर गाड़ी के कागजात मांगे। दस्तावेज नहीं होने पर जब पुलिस ने वाहन की जाँच की तो पता चला कि बाइक पर लिखे नंबर और बाइक का चेसिस नंबर एक दूसरे से मिल नहीं रहे थे। इससे पुलिस को अंदेशा हुआ कि बाइक चोरी की हो सकती है।
इसके बाद पुलिस ने युवक की तलाशी ली तो उसके पास से बैग में 17 लाख 54 हजार 700 रुपए मिले। पुलिस ने जब उससे रुपयों के बारे में पूछा तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। ऐसे में पुलिस ने हवाला की राशि होने के संदेह में धारा-102 के तहत जब्त कर लिए हैं।
