भोपाल। भोपाल के जंगलों से राहत की खबर सामने आई है। यहां रहने वाली बाघिन-123 ने दो शावकों को जन्म दिया है। शावक करीब 2 महीने के हो गए हैं। हाल ही में बाघिन और उसके शावक मेंडोरा के जंगलों में सॉसर में पानी पीते हुए वन विभाग के कैमरे में कैद हुए हैं। इसके बाद ही वन विभाग को शावकों के जन्म के बारे में पता चला है।
वन विभाग के अनुसार करीब एक दशक बाद भोपाल के आसपास के जंगल में किसी बाघिन ने शावकों को जन्म दिया है। बाघिन द्वारा जन्में गए दो शावकों को में एक बाघ शावक और एक बाघिन शावक है। इनके जन्म से भोपाल के जंगलों में मूवमेंट कर रहे बाघों का कुनबा बढ़ गया है।
बता दे कि वन विभाग लगातार बाघिन और उसके शावकों पर नजर रख रहा है ताकि उन्हें किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं हो। वन विभाग का कहना है कि इन शावकों का जन्म टी-2 बाघ के साथ मेटिंग से हुआ है। इन दिनों कोरोना संकट के कारण जंगलों में लोगों की आवाजाही कम हुई है। इससे जंगली जानवरों को खुलकर रहवास मिला है।
