इंदौर। इंदौर पुलिस ने तंत्र-मंत्र के जरिए अमीर आदमी के नोट उड़ाने का झांसा देकर ग्रामीणों से लाखों रुपए की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। क्राइम ब्रांच पुलिस ने गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को ठगने के लिए ऊपर और नीचे असली नोट रखते थे जबकि बीच में बच्चों के खेलने वाले नोट रखते थे।
डीआईजी हरिनारायणाचारी मिश्र के अनुसार पकड़े गए बदमाशों के नाम मनोज पाल, सुमित सक्सेना और संजय कौशल हैं। मनोज पाल गिरोह का सरगना है। मनोज ने कोरल रीफ कॉलोनी की मल्टी के फ्लैट नंबर 401 में बच्चों के खेलने वाले नकली नोट जमा करके रखे थे। वह ऊपर और नीचे असली नोट रखकर रुपयों की गड्डी के वीडियो बनाकर ग्रामीणों को दिखाता और करोड़ो रुपए होने का दावा करता था।
इसके बाद गिरोह के अन्य बदमाश तंत्र-मंत्र के जरिए गोदाम में रखे नोटों को उड़ाने की बातें करते थे। आरोपी ग्रामीणों को रुपए दिलाने का झांसा देकर उनसे 50 हजार से एक लाख रुपए तक की ठगी करते थे। आरोपी अब तक इंदौर, भोपाल सहित कई शहरों के लोगों ठगी का शिकार बना चुके हैं।
इस मामले में भोपाल के एक पत्रकार की शिकायत पर इंदौर क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी मनोज ने बताया है कि वह ग्रामीणों से अमीर आदमी के नोट उड़ाने का झांसा देकर ठगी करते थे। जो रुपए ये ग्रामीणों को देते थे, उनमें ऊपर-नीचे असली नोट लगा देते थे, जबकि बीच में नकली नोट रखते थे।
