छतरपुर। मध्यप्रदेश के छतरपुर में पति ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद पति ने पत्नी के शव को खेत में जला दिया। मामले की जानकारी सामने आने के बाद परिजनों ने हत्यारोपी पति को पुलिस को सौंप दिया है।
सामने आ रही जानकारी के अनुसार छतरपुर जिले के पीरा गांव की रहने वाली रोशनी रैकवार पिछले दिनों अपने चाचा ससुर सोनू रैकवार के साथ भाग गई थी। गुरुवार को रोशनी की बड़ी बहन कृष्ण अपनी बहन को मनाकर वापस ससुराल ले आई थी।
इसके बाद रोशनी अपने पति बाल किशुन रैकवार के साथ खेत में बनी झोपड़ी में रहने लगी थी। रात के समय बाल किशुन ने अपनी पत्नी रोशनी का गला तार से बांधकर हत्या कर दी। हत्या के बाद बाल किशुन ने रोशनी के शव को खेत में पेड़ों के नीचे जला दिया।
इसके बाद रात को बाल किशुन अपने परिजनों के पास पहुंचा और उन्हें बताया कि रात में सोनू झोपड़ी में आया था। इस दौरान सोनू और रोशनी ने मिलकर मेरा गला दबाया। हालांकि मैं उनके चंगुल से छुट गया। इसके बाद सोनू वहां से भाग गया जबकि मैंने पत्नी रोशनी को मारकर उसकी लाश जला दी।
मामले की जानकारी लगने के बाद परिजनों ने हत्यारोपी बाल किशुन को पुलिस को सौंप दिया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बमीठा पुलिस, एसडीओपी खजुराहो मनमोहन बघेल, टीआई दिलीप पांडेय, एफएसएल टीम और पुलिस बल मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए हैं।
बता दे कि बाल किशुन के दो बच्चे हैं जिसमें बड़ा 5 साल का अनमोल और छोटा बच्चा कार्तिक 3 साल का है। पत्नी रोशनी झोपड़ी में अकेले सोई हुई थी। छोटा बेटा पिता के साथ खेत के मचान पर सोया हुआ था तो बड़ा बेटा अनमोल घर में दादा के साथ सोया था।
