दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह जिले में एक सात साल की बच्ची के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने हैवानियत की हदें पार करते हुए मासूम बच्ची की आँखे फोड़ दी हैं। पीड़ित बच्ची को गंभीर हालत में जबलपुर रेफर किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
घटना दमोह जिले की जबेरा तहसील के बंशीपुर गांव की है। पीड़ित बच्ची कल दोपहर से घर से गायब थी। बुधवार सुबह बच्ची हाथ बंधे हुए गंभीर हालत में मिली। आरोपी ने उसकी आँखे फोड़ दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बच्ची को जबेरा से जबलपुर रेफर किया गया है। बच्ची के साथ बलात्कार होने की भी आशंका जताई जा रही है।
वहीँ घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस थाने के बाहर जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपी को तुरंत गिरफ्तार करने और उन्हें कड़ी सजा देने की मांग की।
