भोपाल। कोरोना संकट के बीच भोपाल से राहत की खबर आई हैं। यहां 44 लोग कोरोना संक्रमण को हराकर स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए हैं। सभी 44 लोगों को चिरायु अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी लोगों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात की।
बता दे कि अब तक भोपाल में 78 लोग कोरोना संक्रमण को हराकर अपने घर लौट चुके है। बुधवार को सबसे ज्यादा 44 लोग एक साथ ठीक होकर अपने घर लौटे। हालांकि इन्हें अभी होम क्वारंटाइन रहने के लिए कहा गया है। डिस्चार्ज होते समय अस्पताल परिसर में कोरोना फाइटर्स का फूल माला पहनाकर और तालियों की गड़गड़ाहट से हौसला बढ़ाया गया। इस दौरान सभी मरीजों ने अस्पताल प्रबंधन को धन्यवाद दिया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी ठीक हुए लोगों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात की। उन्होंने स्वस्थ हुए लोगों को बधाई दी और उनके हौसलों की तारीफ़ की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि हम हर हाल में कोरोना को हराएंगे। प्रदेश की जनता से अपील है कि घर पर रहें। लॉकडाउन का पालन करें। प्रदेश और देश के विकास और उन्नति में अपना योगदान दें।
