उमरिया। बाँधवंगढ़ प्रशासन ने भाजपा विधायक संजय पाठक के होटल साइना के अवैध निर्माण को तोड़ दिया है। वहीँ भाजपा विधायक इसे सरकार द्वार बदले की भावना से की गई कार्रवाई बता रहे हैं।
दरअसल प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई से पहले भूमि अतिक्रमण के खिलाफ नोटिस दिया गया था। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया। इस कार्रवाई के दौरान कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी एयर एसपी भी मौके पर मौजूद थे।
वहीँ अब इस कार्रवाई को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है। भाजपा विधायक संजय पाठक ने कहा कि प्रदेश की कमलनाथ सरकार ने बदले की भावना से यह कार्रवाई की है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को अचानक भाजपा विधायक संजय पाठक के भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने की अटकले लगने लगी थी। जिसके बाद उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा था कि मैं भाजपा का हिस्सा था, मैं भाजपा का हिस्सा हूं और हमेशा भाजपा में रहूंगा। वीडियो में संजय पाठक ने खुद की राजनीतिक हत्या होने की भी आशंका जाहिर की थी।
